कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 11 लोगों की मौत
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद कई जोरदार धमाके हुए। हादसे में 11 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण आसपास के 15 से अधिक मकानों को भी नुकसान पहुंचा और कई घरों के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के अस्पताल भेजा गया। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान जारी है।