यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात यात्रियों से भरी स्लीपर एसी बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। दयानतपुर गांव के पास हुए इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बस नोएडा से महोबा जा रही थी और उसमें करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।