महोबा में पोखर में डूबने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत
महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में रविवार को बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की जान चली गई। घटना रिवई गांव स्थित राजकीय मॉडल स्कूल के मैदान की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बच्चे खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में चले गए और गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूब गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद तीनों के शव पानी में मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।