स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ी सुरक्षा
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। रेलवे व मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों और सामान की सघन जांच की जा रही है। उत्तर रेलवे के अनुसार, 13 से 16 अगस्त तक सुरक्षा जांच विशेष रूप से सख्त रहेगी। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन या मेट्रो पकड़ने के लिए सामान्य समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है। लाल किला समेत प्रमुख स्थानों पर भी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि वे अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें और जांच प्रक्रिया में सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें।