तनाव के बीच भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ा सुरक्षा संवाद
ढाका में भारत की खुफिया एजेंसी रॉ के प्रमुख पराग जैन ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रक्षा मामलों के सलाहकार डॉ. एकेएम शम्सुल इस्लाम से मुलाकात की। यह बैठक दोनों देशों के बीच बढ़े राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव के बीच हुई है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल बांग्लादेश की सैन्य खुफिया एजेंसी डीजीएफआई के निमंत्रण पर ढाका पहुंचा था। बैठक के एजेंडे की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सीमा सुरक्षा, आतंकवाद, कट्टरपंथ और खुफिया सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क बढ़ा है, जिससे सुरक्षा और कूटनीतिक संवाद जारी रखने के संकेत मिल रहे हैं।